jeevaypunjab.com

तरनतारन में BJP जिला कार्यालय पर हमला, नकाबपोशों ने की तोड़फोड़ और मारपीट

पंजाब के तरनतारन से सोमवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के तरनतारन बाईपास के समीप स्थित भारतीय जनता पार्टी के जिला मुख्यालय पर कुछ अज्ञात हमलावरों ने अचानक हमला बोल दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और राजनीतिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार करीब 15 से 20 नकाबपोश युवक अचानक भाजपा कार्यालय में घुस आए और वहां जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने कार्यालय में लगे शीशों और अन्य सामान को नुकसान पहुंचाया। बताया जा रहा है कि इस दौरान दफ्तर में मौजूद कुछ भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट भी की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमला बेहद अचानक हुआ, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया और भारी पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। पुलिस ने क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। फिलहाल कार्यालय के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और पूरे मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

घटना के बाद भाजपा नेताओं ने कानून व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है। वहीं प्रशासन का कहना है कि मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Exit mobile version