jeevaypunjab.com

फिक्की फ्लो ने सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को दी कृत्रिम बुद्धिमत्ता की नई समझ-तान्या खन्ना

राहुल सोनी                              

भविष्य की शिक्षा को हर बच्चे तक पहुँचाने के उद्देश्य से फिक्की फ्लो अमृतसर ने चेयरपर्सन तान्या खन्ना के नेतृत्व में एमआईटीएस अकादमी परिसर में सरकारी स्कूलों की कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) पर विशेष कार्यशाला आयोजित की। चेयरपर्सन तान्या खन्ना ने कहा नव सत्र के अंतर्गत आयोजित इस पहल का उद्देश्य बच्चों को नई तकनीकों से जोड़ना और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करना था। कार्यशाला में विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता की बुनियादी जानकारी सरल और रोचक तरीके से दी गई।

उन्हें बताया गया कि एआई हमारी रोज़मर्रा की जिंदगी में कैसे काम करता है और किस प्रकार यह कार्यों को तेज़, आसान व अधिक प्रभावी बना सकता है। उन्होंने कहा सत्र के दौरान विद्यार्थियों को अच्छे और खराब निर्देशों के बीच का अंतर भी समझाया गया। उदाहरणों के माध्यम से बच्चों को बताया गया कि एआई से सही उत्तर प्राप्त करने के लिए सही तरीके से प्रश्न पूछना कितना आवश्यक होता है। इसके साथ ही चैटजीपीटी, जेमिनी, क्लॉड और माइक्रोसॉफ्ट कोपायलट जैसे लोकप्रिय एआई उपकरणों की जानकारी भी दी गई तथा उनके उपयोग पढ़ाई, लेखन और जानकारी खोजने में कैसे सहायक हो सकते हैं। कार्यशाला को रोचक बनाने के लिए संवादात्मक खेल और मनोरंजक गतिविधियाँ भी करवाई गईं, जिससे विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बच्चों को कॉर्पोरेट वातावरण का अनुभव भी करवाया गया ताकि वे भविष्य के पेशेवर जीवन और करियर की कार्यशैली को करीब से समझ सकें। श्रीमती तान्या खन्ना ने कहा कि भविष्य हर बच्चे का है, चाहे वह किसी भी पृष्ठभूमि से क्यों न आता हो। एआई और विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी जैसी नई तकनीकों को सरकारी स्कूलों और जमीनी स्तर के समुदायों तक पहुँचाकर “सभी के लिए शिक्षा” के सपने को साकार करने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।

Exit mobile version