एसजेवीएन के 39वें स्थापना दिवस के अवसर पर रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन में मंगलवार सुबह आयोजित मिनी मैराथन ने पूरे परिसर को उत्साह और ऊर्जा से भर दिया। दत्तनगर ग्राउंड से शुरू हुई इस मैराथन में अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों ने भाग लेकर फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
सुबह 6 बजे आयोजित इस मिनी मैराथन का फ्लैग ऑफ मुख्य महाप्रबंधक (प्रापण एवं संविदा) श्री बी. पी. सिंह ने किया। मैराथन का रूट दत्तनगर ग्राउंड से कोयल रोड तक और वहां से वापसी दत्तनगर ग्राउंड तक निर्धारित किया गया था। आयोजन में पुरुष, महिला और बच्चों के लिए अलग-अलग वर्ग बनाए गए थे, जिससे हर आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ भागीदारी निभाई।
परियोजना प्रमुख श्री विकास मारवाह ने इस अवसर पर कहा कि आज के व्यस्त जीवन में शारीरिक गतिविधियां अत्यंत जरूरी हैं और इस तरह के आयोजन कर्मचारियों एवं उनके परिवारों को स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि एसजेवीएन केवल ऊर्जा उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता को भी प्राथमिकता देता है।
मैराथन के दौरान पूरे मार्ग पर सुरक्षा और चिकित्सा सहायता सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को सम्मानित किया गया, जबकि अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।
इस मौके पर रामपुर एचपीएस के विभागाध्यक्ष, अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। आयोजन ने यह साबित किया कि संस्थान में कार्य संस्कृति के साथ-साथ स्वास्थ्य और सामूहिकता को भी विशेष महत्व दिया जा रहा है।
