jeevaypunjab.com

नैतिकता के आधार पर इस्तीफा दें मान: वड़िंग

मुख्यमंत्री से गंभीर आरोपों पर चुप्पी तोड़ने को कहा

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब द्वारा दो विवादित वीडियोज के आधार पर उन्हें तनखाहिया करार दिए जाने के बाद मान को नैतिक आधार पर अपने पद से हट जाना चाहिए। इस संबंध में श्री अकाल तख्त साहिब ने कहा है कि दोनों वीडियोज वास्तविक हैं और एआई के माध्यम से तैयार नहीं की गई हैं।

वड़िंग ने कहा कि मुख्यमंत्री मान को इस मामले पर अपनी चुप्पी भी तोड़नी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री को संबोधित करते हुए, कहा कि पंजाब के लोग इन गंभीर आरोपों पर आपके जवाब का इंतजार कर रहे हैं।

उन्होंने जोर देते हुए, कहा कि दुनिया भर में रहने वाले प्रत्येक सिख के लिए श्री अकाल तख्त साहिब सर्वोच्च धार्मिक अथॉरिटी है और उनके फैसले सभी के लिए बाध्यकारी हैं। श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज ने मुख्यमंत्री मान से संबंधित दो विवादित वीडियोज को दो अलग-अलग फॉरेंसिक प्रयोगशालाओं की जांच के बाद वास्तविक करार दिया है। वड़िंग ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब की सर्वोच्चता का सम्मान करते हुए और इस मामले की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री को तत्काल इस्तीफा दे देना चाहिए।

वड़िंग ने कहा कि यह अत्यंत संवेदनशील मामला है। जब मुख्यमंत्री बेअदबी के मामलों के खिलाफ सख्त कानून बना सकते हैं, तो उन्हें स्वयं भी वही मानदंड अपनाने चाहिए, जिनका पालन करने की सलाह वे दूसरों को देते हैं।

Exit mobile version