बठिंडा। भाजपा नेता के क्लीनिक पर हुए पेट्रोल बम हमले के मामले में बठिंडा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर इस सनसनीखेज वारदात में शामिल तीन आरोपियों की पहचान कर ली है। इनमें से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि तीसरे की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अबोहर से गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान नकुल कुमार और गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है। दोनों को पूछताछ के लिए बठिंडा लाया जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने बहाने से पुलिस वाहन रुकवाया और हिरासत से फरार होने का प्रयास किया।
जानकारी के मुताबिक, भागने की कोशिश में दोनों आरोपियों ने फ्लाईओवर से छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना में गुरविंदर सिंह के पैर में फ्रैक्चर आया है, जबकि नकुल कुमार के हाथ की हड्डी टूट गई। दोनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस निगरानी में रखा गया है।
जांच में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इस मामले में तीसरे आरोपी की भी पहचान कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस हाई-प्रोफाइल मामले में शहजाद भट्टी को भी नामजद किया गया है। हालांकि पुलिस अभी इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की साजिश, आरोपियों की भूमिका और संभावित नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) बठिंडा आज सुबह 11 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा करेंगे। माना जा रहा है कि प्रेस वार्ता के दौरान जांच से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों और गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि भाजपा नेता के क्लीनिक पर पेट्रोल बम हमले की घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई थी। पुलिस ने मामले को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए तेजी से जांच आगे बढ़ाई और कम समय में आरोपियों तक पहुंचने में सफलता हासिल की।
