jeevaypunjab.com

एसजेवीएन की नाथपा-झाकड़ी परियोजना ने फिर साबित की तकनीकी श्रेष्ठता, 39.571 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का नया रिकॉर्ड

झाकड़ी।

भारत की अग्रणी जलविद्युत कंपनी एसजेवीएन के नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन ने एक बार फिर अपनी परिचालन क्षमता का शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 जुलाई 2026 को 39.571 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन का नया रिकॉर्ड दर्ज किया है।

यह परियोजना के इतिहास का दूसरा सबसे बड़ा एकल-दिवसीय बिजली उत्पादन है। इससे पहले 18 जुलाई 2023 को 39.570 मिलियन यूनिट का रिकॉर्ड बनाया गया था, जिसे अब पीछे छोड़ दिया गया है। वहीं, 13 अगस्त 2024 को दर्ज 39.572 मिलियन यूनिट का सर्वोच्च रिकॉर्ड अभी भी कायम है।

एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह उपलब्धि परियोजना की तकनीकी उत्कृष्टता, बेहतर संचालन प्रणाली और कर्मचारियों की सामूहिक प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि एसजेवीएन भविष्य में भी ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में नए मानदंड स्थापित करता रहेगा।

निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने इस सफलता को संगठन की मजबूत कार्य संस्कृति और कर्मचारियों की निष्ठा का परिणाम बताया।

निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे ने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां न केवल उत्पादन क्षमता को बढ़ाती हैं बल्कि संगठन की आर्थिक मजबूती और दीर्घकालिक विकास को भी नई दिशा देती हैं।

निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने कहा कि आधुनिक तकनीक, प्रभावी अनुरक्षण व्यवस्था और इंजीनियरों की दक्षता ने इस उपलब्धि को संभव बनाया है।

परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने कहा कि यह रिकॉर्ड ओ एंड एम, पावर हाउस तथा नाथपा टीम के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी की अथक मेहनत का परिणाम है। उन्होंने परियोजना से जुड़े सभी हितधारकों का भी आभार व्यक्त किया।

नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन लंबे समय से देश की जलविद्युत परियोजनाओं के लिए दक्ष संचालन और उच्च उत्पादन क्षमता का उदाहरण बना हुआ है। ताजा उपलब्धि ने एक बार फिर एसजेवीएन की तकनीकी विश्वसनीयता और उत्कृष्ट प्रबंधन क्षमता को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित किया है।

Exit mobile version