jeevaypunjab.com

सरबजोत सिंह धंजल बने अमृतसर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट के चेयरमैन ।

अमृतसर ( राहुल सोनी  ) – पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा की गई नियुक्ति के तहत आम आदमी पार्टी अमृतसर शहरी के जिला अध्यक्ष सरबजोत सिंह धंजल को अमृतसर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। इस घोषणा के बाद आम आदमी पार्टी के स्वयंसेवकों और पदाधिकारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने इस नियुक्ति का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि धंजल के नेतृत्व में शहर के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। सरबजोत सिंह धंजल वर्ष 2014 से आम आदमी पार्टी के एक समर्पित स्वयंसेवक के रूप में जुड़े हुए हैं। वर्ष 2016 में उन्होंने जिला अध्यक्ष के रूप में पार्टी की जिम्मेदारी संभाली और वर्ष 2017 में अमृतसर पूर्व विधानसभा क्षेत्र से आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार के रूप में चुनाव भी लड़ा। पार्टी के संघर्ष के दौर से लेकर आज तक वह लगातार संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करते रहे हैं।
वर्ष 2022 में पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बनने के बाद उन्हें पंजाब वाटर सप्लाई एंड सीवरेज बोर्ड का निदेशक नियुक्त किया गया। इसके बाद वर्ष 2026 में उन्हें पुनः आम आदमी पार्टी–अमृतसर शहरी का जिला अध्यक्ष बनाया गया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि सरबजोत सिंह धंजल की लंबे समय की संगठनात्मक सेवा, प्रशासनिक अनुभव और लोगों से जुड़े रहने की कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि धंजल के नेतृत्व में अमृतसर इम्प्रूवमेंट ट्रस्ट शहर के विकास, बुनियादी ढांचे को मजबूत करने तथा जनकल्याण से जुड़े परियोजनाओं को और अधिक गति से आगे बढ़ाएगा। इस अवसर पर सतनाम सिंह मठाड़ू, हरिंदर सिंह, जसकरनदीप सिंह, बंटी महाजन, बूटा राम वेरका, हरमिंदर सिंह, गौरव अग्रवाल, मनदीप सिंह मोंगा, अमरिंदर सिंह सोहल, रवीदीप सिंह सहित अन्य साथी उपस्थित रहे।

Exit mobile version