jeevaypunjab.com

एसएमएल महिंद्रा कंपनी के प्रतिनिधिमंडल ने सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में टेका माथा


कुमार सोनी
अमृतसर:
एसएमएल महिंद्रा कंपनी के कार्यकारी चेयरमैन विनोद कुमार सहाय के नेतृत्व में कंपनी के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में माथा टेककर गुरु घर के प्रति अपनी श्रद्धा अर्पित की।
श्री दरबार साहिब के सूचना केंद्र में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव सरदार बलविंदर सिंह काहलवां, प्रबंधक सरदार मेजर सिंह तथा उप सचिव सरदार आजाद दीप सिंह ने कंपनी के चेयरमैन एवं प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब का मॉडल तथा धार्मिक पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया। एसजीपीसी के सचिव सरदार बलविंदर सिंह काहलवां ने कहा कि सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु नतमस्तक होने आते हैं। उन्होंने कहा कि अनेक औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थान भी अपनी क्षमता के अनुसार गुरु घर की सेवा में योगदान देते हैं। उन्होंने बताया कि महिंद्रा कंपनी भी लंबे समय से श्री दरबार साहिब की सेवाओं में सहयोग करती रही है। उन्होंने कहा कि आज कंपनी के उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने श्री दरबार साहिब के सेवा कार्यों के लिए एक ट्रक भेंट करने की इच्छा व्यक्त की है, जिसका एसजीपीसी स्वागत और सम्मान करती है।
एसएमएल महिंद्रा कंपनी के कार्यकारी चेयरमैन विनोद कुमार सहाय ने कहा कि सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां से सामाजिक, धार्मिक और मानवता की भलाई के अनेक कार्य संचालित होते हैं। उन्होंने कहा कि इस पावन स्थल पर नतमस्तक होना उनके और उनके प्रतिनिधिमंडल के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने शिरोमणि कमेटी के प्रधान एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी सहित समूचे प्रबंधन का सहयोग एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर एसजीपीसी के सूचना अधिकारी सरदार अमृतपाल सिंह, सरदार रणधीर सिंह, सरदार जतिंदरपाल सिंह, सरदार सतनाम सिंह तथा एसएमएल महिंद्रा कंपनी के चेयरमैन विनोद कुमार सहाय, निदेशक चंद्रशेखर वर्मा, रवि वेंकटरमन, सीएफओ मानसविनी गोयल, रितेश अग्रवाल, पुष्कर पटवर्धन, प्रशांत कुमार, संदीप चंदना, विकास शर्मा, मनिंदर ग्रेवाल, प्रवेश मदान, जयदीप मल्होत्रा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Exit mobile version