अमृतसर, अमृतसर,(राहुल सोनी )
बरनाला में अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे सफाई कर्मचारियों पर पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में वाल्मीकि समाज ने बुधवार को पंजाब बंद का आह्वान किया। बंद के चलते राज्य के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित रहा। समाज की ओर से बाजार, स्कूल, कॉलेज, मॉल और अन्य संस्थानों को बंद रखने की अपील की गई, जबकि कई स्थानों पर प्रदर्शन और सड़क जाम भी देखने को मिले।
इसी दौरान अमृतसर में एक दुखद हादसे में एंटी राइट पुलिस (एआरपी) के जवान रणबीर सिंह की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रणबीर सिंह एक इमरजेंसी कॉल पर अपने घर जा रहे थे। जब वह भंडारी पुल से गुजर रहे थे, तभी पुल पर लगी एक रस्सी उनके गले में फंस गई। इससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह स्कूटी से सड़क पर गिर पड़े। गले पर गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
उधर, प्रदर्शनकारियों ने भंडारी पुल पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। प्रदर्शन के कारण लोगों की आवाजाही बाधित रही और कई वाहन लंबे समय तक जाम में फंसे रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रदर्शनकारी सड़क पर डंडे लेकर खड़े थे और लोगों को आगे बढ़ने से रोक रहे थे।
पंजाब बंद के दौरान कई स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी। पुलिस हालात पर नजर बनाए हुए है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। वहीं, एआरपी जवान रणबीर सिंह की मौत से पुलिस विभाग में शोक की लहर है।
वाल्मीकि समाज ने बरनाला लाठीचार्ज के विरोध में अपना आंदोलन जारी रखने की बात कही है, जबकि प्रशासन लोगों से शांति बनाए रखने और कानून-व्यवस्था में सहयोग करने की अपील कर रहा है।
