चंडीगढ़: पंजाब में भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य नाट्य प्रस्तुति ‘हमारे राम’ का आयोजन किया जाएगा। पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंध ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि अगस्त और सितंबर के दौरान राज्य के 12 प्रमुख शहरों में इस भव्य नाट्य प्रस्तुति के कुल 41 शो आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि इस सांस्कृतिक अभियान का शुभारंभ 7 अगस्त से मोहाली में होगा। इसके बाद बठिंडा, जालंधर, अमृतसर, पटियाला, लुधियाना सहित राज्य के 12 शहरों में अलग-अलग तिथियों पर मंचन किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोग इस प्रस्तुति का हिस्सा बन सकें।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि ‘हमारे राम’ केवल एक नाटक नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, सनातन मूल्यों और भगवान श्रीराम के आदर्शों को समाज तक पहुंचाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस प्रस्तुति के जरिए मर्यादा, सत्य, कर्तव्य, त्याग और मानवीय मूल्यों का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
तरुणप्रीत सिंह सौंध ने बताया कि इस भव्य मंचन में प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा रावण की भूमिका निभाएंगे, जबकि भगवान श्रीराम के किरदार में राहुल आर. भुचर नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि दोनों कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति इस नाट्य मंचन को विशेष आकर्षण प्रदान करेगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, सभ्यता और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ना है। उनका मानना है कि आधुनिक दौर में इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से युवाओं को अपनी परंपराओं, इतिहास और जीवन मूल्यों से जोड़ने का प्रभावी अवसर मिलेगा।
मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने परिवारों के साथ इस सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होकर भारतीय सांस्कृतिक धरोहर और रामायण के संदेश को निकट से अनुभव करें। उन्होंने विश्वास जताया कि ‘हमारे राम’ का यह आयोजन पंजाब के सांस्कृतिक परिदृश्य में एक महत्वपूर्ण और यादगार पहल साबित होगा।
