काम शुरू होते ही बदल गई कृपाल कॉलोनी की तस्वीर
अमृतसर, ( राहुल सोनी ) बटाला रोड स्थित कृपाल कॉलोनी के निवासी बीते कई दिनों से नरक जैसा जीवन व्यतीत करने के लिए विवश थे। जिसके चलते उन्होंने शहर की सीनियर डिप्टी मेयर प्रियंका शर्मा से बातचीत करते हुए समस्या से अवगत करवाया। गंभीर समस्या को देखते हुए प्रियंका शर्मा ने मौके का जायजा लेने के लिए अपनी टीम के साथ कृपाल कॉलोनी पहुंची और लोगों के घरों में गंदगी का आलम देखकर वह दंग रह गई। समस्या का जब उन्होंने अपनी टीम के साथ निरीक्षण किया तो पता चला की बटाला रोड पर खुले निजी अस्पताल व डायग्नोस्टिक सेंटर की बिजली आपूर्ति के लिए सड़क के किनारे फुटपाथ पर पावरकाम विभाग द्वारा नया ट्रांसफार्मर लगवाया गया था। लेकिन ट्रांसफार्मर लगाते समय कर्मचारियों ने निजी अस्पताल व डायग्नोस्टिक सेंटर के साथ वाली गली की सीवरेज पाइप को तोड़ दिया और ट्रांसफार्मर फिट करके लौट गए लेकिन चंद दिनों में ही समस्या इतनी विकराल हो गई की कृपाल कॉलोनी के घरों में दूषित पानी का जमावड़ा लग गया लोगों के रसोई घर तक जब दूषित पानी पहुंचा तो कई लोग अपना घर छोड़कर रिश्तेदारों के घर रहने के लिए मजबूर हो गए।
सीनयर डिप्टी मेयर प्रियंका शर्मा ने मौके पर लोगों की समस्या को देखकर पहले पावरकॉम अधिकारियों और डायग्नोस्टिक सेंटर प्रबंधन को फटकार लगाई क्योंकि अपना काम संवारने के लिए लोगों को नर्क जैसी स्थिति में रहने के लिए मजबूर कर दिया था। उन्होंने पावर कम विभाग को निर्देश जारी किए के ट्रांसफार्मर को शिफ्ट किया जाए और इसके साथ ही सीवरेज की पाइप को फिर से मरम्मत करवाने के लिए उनकी टीम जुट गई। घरों को दूषित पानी से राहत के लिए सुपर सकर मशीन का प्रयोग किया गया।
प्रियंका शर्मा ने डायग्नोस्टिक सेंटर को निर्देश जारी करते हुए कहा कि अपना सीवरेज और पानी का कनेक्शन मेन रोड से करवा ले। क्योंकि तंग गली में जोड़े गए कनेक्शन से स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने 7 दिन का सेंटर प्रबंधन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि गली में बने हुए चेंबर ठीक करवाए ताकि स्थानीय लोगों को भविष्य में किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।