jeevaypunjab.com

‘हमारे राम’ नाटक की टीम श्री दरबार साहिब में हुई नतमस्तक।

कुमार सोनी
पंजाब सरकार द्वारा धार्मिक विरासत और पारंपरिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने के लिए करवाए जा रहे ‘हमारे राम’ नाटक की टीम आज बॉलीवुड के प्रसिद्ध अभिनेता आशुतोष राणा के नेतृत्व में सचखंड श्री हरमंदिर साहिब में नतमस्तक हुई। इस अवसर पर पंजाब के पर्यटन विभाग के सलाहकार दीपक बाली भी उनके साथ मौजूद थे। श्री दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए आशुतोष राणा ने कहा कि श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होकर उन्हें आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ है। उन्होंने कहा कि वह हमेशा ही इस पावन स्थल के दर्शन-दीदार करने के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी टीम द्वारा 16 और 17 सितंबर को गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर के दशमेश ऑडिटोरियम में ‘हमारे राम’ नाटक के चार शो प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी राज्य के विभिन्न शहरों में इस नाटक के शो किए जा चुके हैं, जिन्हें पंजाबवासियों की ओर से भरपूर समर्थन मिला है। दीपक बाली ने कहा  कि एक दिन में दो शो प्रस्तुत किए जाएंगे। इस सांस्कृतिक प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को भारतीय परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों और रामायण की शिक्षाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

Exit mobile version