jeevaypunjab.com

स्वच्छता पखवाड़े में NJHPS की पहल: CTU-2 क्वारी रोड पर कर्मचारियों और महिला मंडल ने मिलकर हटाया कचरा

झाकड़ी । नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में चल रहे ‘स्वच्छता पखवाड़ा 2026’ के तहत मंगलवार को स्वच्छता और सामुदायिक भागीदारी का संदेश देते हुए CTU-2 क्वारी रोड पर सफाई अभियान आयोजित किया गया। परियोजना की ओर से 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाए जा रहे इस पखवाड़े में NJHPS के CSR कर्मचारियों के साथ झाकड़ी महिला मंडल की सदस्याओं ने भी अभियान में हिस्सा लिया।

परियोजना प्रमुख ई० राजीव कपूर के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के दौरान CTU-2 क्वारी रोड के आसपास व्यापक सफाई की गई। सड़क के किनारे और आसपास जमा कचरे को हटाया गया और क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाया गया।

अभियान में परियोजना की CSR टीम और स्थानीय महिला मंडल की भागीदारी ने कार्यक्रम को सामुदायिक स्वरूप दिया। इसका उद्देश्य परियोजना क्षेत्र को स्वच्छ बनाए रखने के साथ स्थानीय समुदाय को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना और रोजमर्रा के जीवन में स्वच्छता को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

परियोजना प्रमुख ई० राजीव कपूर ने कहा कि ऐसे अभियान स्वच्छता सुनिश्चित करने के साथ-साथ अधिकारियों, कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।



इस अवसर पर NJHPS की उपमहाप्रबंधक (R&R/CSR) श्रीमती कौशल्या नेगी, सहायक प्रबंधक ई० रुमन देवी तथा CSR विभाग के सभी कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने अभियान में स्वयं सक्रिय भागीदारी की और स्वच्छता अभियान में शामिल कर्मचारियों तथा महिला मंडल, झाकड़ी की सदस्याओं का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम के दौरान महिला मंडल, झाकड़ी की सदस्याओं को प्लास्टिक बैग के इस्तेमाल को खत्म करने की दिशा में सहयोग के लिए जूट बैग वितरित किए गए। इसके अलावा उन्हें व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित सामग्री भी उपलब्ध कराई गई।

NJHPS का यह अभियान स्वच्छता पखवाड़े के दौरान परियोजना और आसपास के समुदाय के बीच भागीदारी को बढ़ाने तथा स्वच्छ और जिम्मेदार सामाजिक वातावरण के लिए जागरूकता पैदा करने की पहल के रूप में आयोजित किया गया।

Exit mobile version