कुमार सोनी
अमृतसर, भाजपा के वरिष्ठ नेता राजिंदर उर्फ पप्पू महाजन को पार्टी के प्रति लंबे समय से समर्पण और संगठनात्मक योगदान का सम्मान देते हुए पंजाब भाजपा इंडस्ट्रियल सैल का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति के बाद उनके समर्थकों में खुशी और उत्साह का माहौल है। पार्टी में पप्पू महाजन के बढ़ते कद को उनकी लंबे समय से जारी संगठनात्मक सक्रियता और भाजपा के प्रति निष्ठा के रूप में देखा जा रहा है।

पप्पू महाजन का राजनीतिक सफर भी उपलब्धियों से भरा रहा है। उन्होंने जब पहली बार वार्ड नंबर 26 से चुनाव लड़ा था, तब करीब 35 साल बाद इस सीट पर भाजपा को जीत हासिल हुई थी। इसके बाद वार्ड नंबर 9 से उनकी पत्नी ने चुनाव जीतकर क्षेत्र में पार्टी की राजनीतिक पकड़ को मजबूत किया। पप्पू महाजन दो बार पंजाब भाजपा कार्यकारिणी के सदस्य और दो बार जिला उपप्रधान की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। अपनी नियुक्ति पर पप्पू महाजन ने कहा कि वह पार्टी हाईकमान का धन्यवाद करते हैं जिन्होंने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि वो जन्म से ही भाजपा के समर्थक रहे हैं और पार्टी की विचारधारा के प्रति उनकी निष्ठा हमेशा कायम रही है। पार्टी ने उन्हें पंजाब इंडस्ट्रियल सेल के चेयरमैन की जिम्मेदारी सौंपकर जो विश्वास जताया है, वह उसके लिए नेतृत्व के आभारी हैं। उन्होंने कहा कि यह नियुक्ति उनके लिए केवल गर्व की बात नहीं, बल्कि एक अहम जिम्मेदारी भी है, जिसे वह पूरी ईमानदारी और मेहनत से निभाएंगे।