
एक नाबालिग भी शामिल, विदेशी हैंडलरों के संपर्क में थे आरोपी: डीजीपी गौरव यादव
सीमावर्ती क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान 109 संदिग्ध भी हिरासत में लिए, आगे और बरामदगी की उम्मीद: आईजीपी गुरप्रीत भुल्लर
चंडीगढ़/अमृतसर, 17 नवंबर ( कुमार सोनी ) मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत पंजाब को सुरक्षित बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के बीच एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने अवैध हथियारों और नशा तस्करी के कई नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक नाबालिग सहित सात लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 10 अत्याधुनिक पिस्तौल, 102 जिंदा कारतूस, 38.962 किलोग्राम हेरोइन और 800 ग्राम अफीम बरामद की है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने मंगलवार को दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमृतसर के गांव घनुपुर काले निवासी लख खत्री, गांव सेहजादा निवासी गुरमीत सिंह, लुधियाना के नूरपुर बेट निवासी मंदीप सिंह, तरनतारन के गांव गंडीविंड निवासी विशालदीप सिंह तथा अमृतसर के चविंडा कलां निवासी गुरदित सिंह और विशाल के रूप में हुई है। इनके साथ एक नाबालिग को भी पकड़ा गया है।
डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी विदेश में बैठे हैंडलरों के संपर्क में थे। ये हैंडलर आपराधिक तत्वों तक अवैध हथियार पहुंचाने में मदद करते थे। मामले की आगे की जांच जारी है, ताकि पूरे नेटवर्क की पिछली और आगे की कड़ियों का पता लगाकर इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके और अवैध हथियारों तथा नशा तस्करी के व्यापक नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।
उन्होंने बताया कि इसके अतिरिक्त सीमावर्ती क्षेत्र में चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान 109 संदिग्धों को भी हिरासत में लिया गया है। इस अभियान में आगे और गिरफ्तारियां तथा बरामदगियां होने की संभावना है।
अभियान की जानकारी देते हुए आईजीपी बॉर्डर रेंज गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर सीमावर्ती क्षेत्रों में लगातार विशेष नाकाबंदी और बीएसएफ की बटालियनों के साथ संयुक्त तलाशी अभियान चलाए गए।
उन्होंने बताया कि थाना भिंडी सैदां की पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त टीम ने अड्डा भिंडी सैदां में बिना नंबर प्लेट वाली स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार मंदीप सिंह और विशालदीप सिंह को रोककर उनके कब्जे से 12 किलोग्राम हेरोइन, एक .30 बोर पिस्तौल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए।
इसी तरह थाना लोपोके की पुलिस ने बीएसएफ के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए गांव सिधवां नहर के पास लख खत्री और उसके नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 4.992 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई तथा उनकी हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
एक अन्य कार्रवाई में पुलिस टीम ने पढ़री नहर पुल के पास नाकाबंदी कर गुरदित सिंह और विशाल को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 4 किलोग्राम हेरोइन और 800 ग्राम अफीम बरामद हुई।
आईजीपी ने बताया कि थाना अजनाला के अंतर्गत गश्त कर रही पुलिस टीम ने गांव गुज्जरपुरा के पास एक बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल फिसलने के बाद गुरमीत सिंह को काबू कर लिया। उसके किट बैग से 3 किलोग्राम हेरोइन, तीन पिस्तौल (एक .30 बोर और दो 9 एमएम), पांच मैगजीन तथा 90 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा थाना जंडियाला के अंतर्गत हवेली के पास लगाए गए हाईटेक नाके पर पुलिस ने एक कार को रोककर तलाशी ली और उसमें से दो पिस्तौल बरामद किए। एसएसपी कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्र में पुलिस और बीएसएफ की संयुक्त तलाशी के दौरान चार बड़ी लावारिस बरामदगियां भी हुई हैं। इनमें थाना लोपोके के अंतर्गत गांव हेतमपुर के खेतों से चार जिगाना पिस्तौल और आठ मैगजीन बरामद किए गए।
इसी थाना क्षेत्र में बेहरिवाल पुल-शाहूरा रोड से 5 किलोग्राम हेरोइन लावारिस हालत में मिली। थाना घरिंडा के अंतर्गत सीमा चौकी (बीओपी) दौके के पास ड्रोन की गतिविधि के बाद तलाशी के दौरान 4.970 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई। इसके अलावा थाना घरिंडा के अंतर्गत गांव ढोडेविंड के खेतों से 5 किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई।
इस संबंध में अमृतसर के थाना घरिंडा, थाना लोपोके, थाना अजनाला और थाना भिंडी सैदां में नौ अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं।