
पठानकोट, ( कुमार सोनी )
पठानकोट पुलिस ने पिछले दिनों गन पॉइंट पर XUV-500 गाड़ी लूटने के मामले को सफलतापूर्वक सुलझाते हुए मुख्य आरोपी सहित चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने लूटी गई गाड़ी भी बरामद कर ली है।
यह जानकारी देते हुए पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) बॉर्डर रेंज अमृतसर गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि एसएसपी पठानकोट द्वारा विभिन्न पुलिस टीमों का गठन किया गया था। गुजरात पुलिस के सहयोग से मामले को ट्रेस करने में बड़ी सफलता हासिल की गई है।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुरजीत सिंह उर्फ शीना (अमृतसर), पुनीत शर्मा उर्फ काका (अमृतसर), पवन उर्फ पानी (गुरदासपुर) और राहुल भट्टी उर्फ बॉबी (गुरदासपुर) के रूप में हुई है। इस मामले के मुख्य आरोपी सुरजीत सिंह उर्फ शीना को गुजरात पुलिस की सहायता से गुजरात के वडोदरा से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ थाना सदर अमृतसर में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज है।