अमृतसर, राहुल सोनी।
इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की अमृतसर शाखा द्वारा चार्टर्ड अकाउंटेंट सदस्यों के लिए एक विशेष बैडमिंटन टूर्नामेंट का आयोजन टेलर रोड स्थित बैडमिंटन हॉल में किया गया। इस आयोजन में सदस्यों ने उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया, जिससे आयोजन में जीवंतता और प्रतिस्पर्धा दोनों का अनूठा संगम देखने को मिला।
प्रतियोगिता की अध्यक्षता ब्रांच चेयरपर्सन सीए ऋतु अरोड़ा ने की। उन्होंने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन न केवल आपसी भाईचारे को बढ़ाते हैं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली को भी प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी ऐसे सामूहिक और स्वास्थ्यवर्धक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता रहेगा।
प्रतियोगिता में डबल्स श्रेणी में सीए राजन कुमार और सीए शिवम मेहरा की जोड़ी विजेता रही, जबकि सीए अभिषेक अरोड़ा और सीए हिमांशु मेहरा उपविजेता बने। वहीं सिंगल्स श्रेणी में सीए शिवम मेहरा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब जीता और सीए विपुल अरोड़ा उपविजेता रहे।
इस अवसर पर आईसीएआई अमृतसर शाखा की ट्रेज़रर सीए राघव बंसल, एनआईसीएएसए चेयरमैन सीए शशिपाल, इमीडिएट पास्ट चेयरमैन सीए नितेश मल्होत्रा, सीए सौरभ खन्ना, वरिष्ठ सदस्य सीए विपुल अरोड़ा, सीए जतिंदर वंसील, सीए पंकज खनेजा समेत अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
आयोजन के समापन पर आईसीएआई अमृतसर शाखा ने सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई दी और खेल भावना को बढ़ावा देने वाले ऐसे आयोजनों को भविष्य में भी जारी रखने की प्रतिबद्धता जताई।
इस आयोजन ने न केवल चार्टर्ड अकाउंटेंट समुदाय के बीच सौहार्द बढ़ाया, बल्कि पेशेवर जीवन की व्यस्तता के बीच उन्हें स्वास्थ्य और मनोरंजन का एक खुशनुमा अवसर भी प्रदान किया।
