झाकड़ी।
77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देश की सबसे बड़ी भूमिगत जलविद्युत परियोजना नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में राष्ट्रीय पर्व पूरे उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। परियोजना प्रमुख श्री राजीव कपूर ने तिरंगा फहराया और कार्यक्रम की शुरुआत की।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई, वहीं ऑपरेशन सिंदूर के दौरान बलिदान देने वाले सैनिकों, अर्धसैनिक बलों और पुलिस कर्मियों को भी स्मरण किया गया। साथ ही परियोजना से जुड़े उन कर्मचारियों के योगदान को भी नमन किया गया, जिनके परिश्रम से यह परियोजना लगातार नई ऊंचाइयों को छू रही है।
अपने संबोधन में श्री राजीव कपूर ने कहा कि गणतंत्र दिवस केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि संविधान के माध्यम से प्राप्त अधिकारों और कर्तव्यों की याद दिलाने वाला दिन है। उन्होंने कहा कि नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने जानकारी दी कि परियोजना ने 18 जनवरी 2026 को 7000 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन का आंकड़ा छूकर दूसरा सबसे तेज़ रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 26 जनवरी 2025 को स्थापित हुआ था। नवंबर 2025 में स्टेशन ने 331.214 मिलियन यूनिट उत्पादन कर 2011-12 के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा, जबकि नवंबर माह का सर्वाधिक उत्पादन 408.909 मिलियन यूनिट वर्ष 2010-11 में रहा है।
परियोजना ने 29 नवंबर 2025 को 6612 मिलियन यूनिट डिज़ाइन ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य भी समय से पहले पूरा किया। उन्होंने यह भी बताया कि निगम की सबसे बड़ी सौर परियोजना बीकानेर में 1000 मेगावाट क्षमता के साथ 24 दिसंबर 2025 को व्यावसायिक संचालन में आ चुकी है, जिससे हर वर्ष हजारों मिलियन यूनिट स्वच्छ ऊर्जा का उत्पादन होगा।
इसके अलावा बक्सर थर्मल परियोजना की पहली इकाई ने भी नवंबर 2025 में सीओडी प्राप्त कर ली है। अंत में उन्होंने सभी सहयोगी संस्थाओं, राज्य सरकार और कर्मचारियों के योगदान की सराहना की।
