अमृतसर, , ( राहुल सोनी ) भारत के महान नेता, स्वतंत्रता सेनानी, चिन्तक एवं विचारक जनसंघ के संस्थापक व अध्यक्ष डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू की अध्यक्षता में भाजपा कार्यालय शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक में आयोजित श्रद्धांजली कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर सुखमिंदर सिंह पिंटू, डॉ. राम चावला, आनंद शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति मोर्चा दविन्दर पहलवान, विनोद खन्ना, मनोहर लाल, ज्योति प्रकाश ,मंजीत कौर थिंद, सतपाल डोगरा, मनीष शूर, मनीष महाजन, पवन चावला, विनोद खन्ना, विक्की कपूर, अवि शर्मा आदि सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए। हरविंदर सिंह संधू ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन कार्यकर्ताओं के लिए अनुकरणीय है। डॉ. मुखर्जी महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, महान शिक्षाविद, महान समाज सुधारक और भारत माता के महान सपूत थे।
हरविंदर सिंह संधू ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की तुष्टीकरण की नीति का डट कर विरोध किया। डॉ. मुखर्जी ने नेहरू मंत्रिमंडल से त्यागपत्र देकर गुरु गोलवलकर के साथ चर्चा कर जनसंघ का गठन किया। धारा 370 के चलते तत्कालीन जम्मू-कश्मीर में परमिट लेकर जाना पड़ता था, लेकिन धारा 370 के विरोध में डॉ. मुखर्जी ने जम्मू-कश्मीर में बिना परमिट प्रवेश किया। जिसके चलते उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया और वहीं उनकी रहस्यमई तरीके से मौत हो गई। देश की एकता और अखंडता का जो पाठ श्रद्धेय डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने पढ़ाया था उसे आज प्रधानमंत्री नरेंदर मोदी के नेतृत्व में चरितार्थ कर रहे है। केंद्र की मोदी सरकार द्वारा ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की परिकल्पना को साकार किया जा रहा है, यही डॉ. मुखर्जी के प्रति उनकी विनम्र श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहाकि हमें डॉ. मुखर्जी के दर्शाए हुए मार्ग पर चलना चाहिए।





