अमृतसर, (राहुल सोनी )
सेंट्रल खालसा यतीमखाना, पुतलीघर, में आज टर्बनेटर ग्रुप के प्रधान सरदार जगदीप सिंह पुरी की अगुवाई में महान शहीद ऊधम सिंह जी का शहीदी दिवस श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर शहीद ऊधम सिंह जी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनकी तस्वीर पर पुष्पमालाएं अर्पित की गईं। समारोह के दौरान यतीमखाना के बच्चों ने शहीद ऊधम सिंह जी के बलिदान को समर्पित कविताओं और देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपस्थित अतिथियों ने बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया। वक्ताओं ने अपने संबोधन में बताया कि शहीद ऊधम सिंह जी ने वर्ष 1907 से 1919 तक सेंट्रल खालसा यतीमखाना में रहकर शिक्षा प्राप्त की थी। उन्होंने शहीदों के जीवन और उनके बलिदानों से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों को साझा करते हुए युवाओं से इतिहास से प्रेरणा लेकर देश और समाज की सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अतिथियों और उनके परिवार के सदस्यों ने अपने पूर्वजों की स्मृति में पौधारोपण भी किया। टर्बनेटर ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि संस्था का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ-साथ स्वास्थ्य संरक्षण और सिख स्वरूप के प्रति युवाओं को प्रेरित करना है।
इस अवसर पर टर्बनेटर ग्रुप अमृतसर के सदस्य सरदार तजिंदरपाल सिंह संधू (सेवानिवृत्त एडीसी), सरदार सुखमिंदर सिंह (एक्सियन), डॉ आत्मजीत सिंह बसरा,कुलवंत सिंह, सरदार सुखदेव सिंह, सरदार काबल सिंह, सरदार जगवीर सिंह चीमा (पूर्व सैनिक), सरदार नवतेज सिंह, सरदार भूपिंदर सिंह, सरदार हरदीप सिंह, सरदार रणजीत सिंह (पूर्व सचिव, एसजीपीसी), सरदार हरमिंदर सिंह (पूर्व मुख्य अभियंता, जीएनडीयू), सरदार मनदीप सिंह, शहीद ऊधम सिंह मेमोरियल स्कूल के प्रिंसिपल सरदार दविंदर सिंह, यतीमखाना के प्रबंधक तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।






