स्वच्छता को अभियान नहीं, जीवनशैली बनाने का आह्वान, रामपुर एचपीएस में स्वच्छता पखवाड़ा शुरू

रामपुर: रामपुर एचपीएस में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 की शुरुआत अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर की गई। विद्युत मंत्रालय एवं निगमित कार्यालय के निर्देशों के तहत यह अभियान 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चलेगा।

परियोजना प्रमुख ई. विकास मारवाह ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए स्वच्छता को व्यक्तिगत जीवन, कार्यस्थल और सामाजिक परिवेश का स्थायी हिस्सा बनाने का संकल्प कराया। कर्मचारियों ने अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही, प्रत्येक वर्ष स्वच्छता गतिविधियों के लिए 100 घंटे देने का संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर ई. विकास मारवाह ने कहा कि स्वच्छ वातावरण सीधे तौर पर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना केवल किसी विभाग या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है।

उन्होंने कहा कि स्वच्छता की अवधारणा को केवल कूड़ा हटाने और साफ-सफाई तक सीमित नहीं किया जाना चाहिए। व्यक्ति के व्यवहार, सोच और संस्कारों में भी स्वच्छता की भावना दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने कर्मचारियों से स्वयं स्वच्छता अपनाने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने का आग्रह किया।

रामपुर एचपीएस की ओर से पखवाड़े के दौरान परियोजना परिसर और परियोजना प्रभावित क्षेत्रों में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्वच्छता अभियान के अलावा जागरूकता कार्यक्रम, पोस्टर एवं संदेश प्रदर्शन और स्थानीय समुदाय की भागीदारी से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

इन गतिविधियों का उद्देश्य स्वच्छता के प्रति निरंतर जागरूकता पैदा करना और इसे केवल एक निर्धारित अभियान तक सीमित रखने के बजाय दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाना है।