कटड़ा कन्हैया बाजार में गंदगी के ढेर, नगर निगम की सफाई व्यवस्था की खुली पोल

अमृतसर,( कुमार सोनी ) शहर के अति व्यस्त एवं प्रमुख पर्यटक व खरीदारी केंद्र कटड़ा कन्हैया बाजार में अमृत सिनेमा के नजदीक पिछले कई दिनों से गंदगी के ढेर लगे हुए हैं। शहर की सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। जगह-जगह लगे कूड़े के ढेरों के कारण स्थानीय दुकानदारों और निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, देश-विदेश से अमृतसर आने वाले पर्यटक भी इस बदहाल व्यवस्था से निराश हो रहे हैं।
शहर के प्रमुख बाजार में सफाई व्यवस्था की ऐसी दयनीय स्थिति नगर निगम के सफाई विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। ऐसा प्रतीत होता है कि सफाई विभाग कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है और उसे शहरवासियों की परेशानियों की कोई परवाह नहीं है। शहर के व्यस्त बाजारों में गंदगी के ढेर लगे होना प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अमृतसर जैसे विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन शहर के प्रमुख बाजारों में सफाई के ऐसे बदतर हालात शहर की छवि को भी प्रभावित कर रहे हैं। एक ओर शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर बाजारों में फैली गंदगी इन दावों की वास्तविकता उजागर कर रही है।
लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि कटड़ा कन्हैया बाजार में तत्काल सफाई करवाई जाए तथा कूड़े की नियमित उठान सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही क्षेत्र में प्रतिदिन सफाई के पुख्ता प्रबंध किए जाएं, ताकि दुकानदारों, स्थानीय निवासियों और बाहर से आने वाले पर्यटकों को इस परेशानी से निजात मिल सके।