
घायलों के इलाज और खान-पान की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए : डिप्टी कमिश्नर
अमृतसर, ( राहुल सोनी ) तरनतारन में राष्ट्रीय राजमार्ग-54 पर आज हुए भीषण सड़क हादसे में घायल हुए छह व्यक्तियों को उपचार के लिए अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में लाया गया है। अस्पताल के डॉक्टरों द्वारा इन सभी घायलों का उपचार किया जा रहा है तथा उनकी हालत पूरी तरह स्थिर है। सभी घायल खतरे से बाहर हैं।
घायलों का हालचाल जानने के लिए डिप्टी कमिश्नर दलविंदरजीत सिंह और एसडीएम श्रीमती अलका कालिया गुरु नानक देव अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायलों से मुलाकात कर उनकी स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा उपचार कर रहे डॉक्टरों से भी बातचीत की। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर ने डॉक्टरों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार में किसी भी प्रकार की कमी या लापरवाही नहीं होनी चाहिए तथा उन्हें सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं।
इसके अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर ने रेड क्रॉस अमृतसर के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पताल में भर्ती घायलों के खान-पान का भी पूरा ध्यान रखा जाए तथा उन्हें आवश्यकता के अनुसार भोजन एवं अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएं। उन्होंने कहा कि इस संबंध में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। डिप्टी कमिश्नर ने कहा कि घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने को सुनिश्चित बनाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा तथा जिला प्रशासन की ओर से उनके उपचार और अन्य आवश्यक सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।






