मोगा की धरती से बदलाव का शंखनाद, पंजाब अब भाजपा की ओर देख रहा : चुग
कुमार सोनी
मोगा, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री तरुण चुग ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मोगा रैली को पंजाब की राजनीति में ऐतिहासिक मोड़ बताते हुए कहा कि इस रैली ने 2027 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंक दिया है। चुग ने कहा कि मोगा की धरती से 117 विधानसभाओं से आई जनता की उठी यह आवाज स्पष्ट संकेत है कि पंजाब की जनता अब बदलाव चाहती है और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। चुग ने कहा कि मोगा की यह पवित्र धरती पहले भी पंजाब की राजनीति में बड़े बदलाव की साक्षी रही है। उन्होंने याद दिलाया कि वर्ष 1996 एवं 2006 में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इसी मोगा की धरती से विशाल जनसभा को संबोधित किया था, जिसके बाद पंजाब की राजनीति में सत्ता परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त हुआ था। चुग ने कहा कि आज 2026 में उसी मिट्टी से देश के गृह मंत्री श्री अमित शाह ने सिह गर्जना कर पंजाब में बदलाव का बिगुल फूंका है। चुग ने कहा कि आज पंजाब कर्ज, नशे, भ्रष्टाचार, गैंगस्टरवाद और प्रशासनिक अराजकता जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। आम आदमी पार्टी की सरकार ने 2022 में किए गए अपने वादों को पूरी तरह भुला दिया है और पंजाब को “रंगला पंजाब” बनाने के दावों की जगह “कंगला पंजाब” बना दिया है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ता कर्ज और युवाओं में बढ़ती निराशा इस सरकार की नाकामी का सबसे बड़ा प्रमाण है।
चुग ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने संबोधन में स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा पंजाब में केवल सत्ता के लिए नहीं बल्कि बुनियादी बदलाव के लिए चुनाव लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर पंजाब में आतंकवाद, माफिया, गैंगस्टरवाद और नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति लागू की जाएगी, किसानों को सम्मान और युवाओं को रोजगार के अवसर दिए जाएंगे तथा उद्योग और पर्यटन को नई गति दी जाएगी।





