रामपुर:
एसजेवीएन लिमिटेड के रामपुर हाइड्रो पावर स्टेशन और लूहरी जल विद्युत परियोजना-1 में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की वैश्विक थीम “Yoga for Healthy Ageing” को केंद्र में रखते हुए आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया गया।
योग सत्र में निगम के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से मजबूत बनाता है।
उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग तनाव प्रबंधन और स्वस्थ जीवन के लिए सबसे प्रभावी साधनों में से एक है। उन्होंने कर्मचारियों और उनके परिवारों से योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख विकास मारवाह और विवेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, स्थानीय निवासी, वरिष्ठ नागरिक और बच्चे उपस्थित रहे। योग प्रशिक्षकों ने विभिन्न योग मुद्राओं और श्वास अभ्यासों के माध्यम से प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी।
योग सत्र के समापन पर निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा द्वारा शीर्षासन और उनकी पत्नी शैली शर्मा द्वारा गरुड़ासन का प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने विशेष रुचि के साथ देखा।
आयोजकों के अनुसार इस प्रकार के कार्यक्रम न केवल कर्मचारियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में सहायक हैं, बल्कि सामाजिक समरसता और सामुदायिक सहभागिता को भी मजबूत करते हैं।





