2 एके राइफल, 10.030 किलो हेरोइन, 3 मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद; आरोपियों में महिला, उसका पति और भाई शामिल— : डीजीपी गौरव यादव
कुमार सोनी
अमृतसर/चंडीगढ़, 29 सितंबर: अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने एक महिला, उसके पति और भाई सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर अवैध हथियारों और नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क

का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने दी। पुलिस टीमों ने आरोपियों के कब्जे से 10.030 किलोग्राम हेरोइन, दो आधुनिक असॉल्ट राइफलें—एक एके-47 और एक एके-56—तीन मैगजीन तथा 10 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप सिंह (32) और उसकी पत्नी कमलजीत कौर (31), दोनों निवासी गांव बराड़, अमृतसर ग्रामीण, तथा कमलजीत कौर के भाई बिक्रमजीत सिंह (23), निवासी गांव घुमाणपुरा, अमृतसर ग्रामीण के रूप में हुई है। आरोपी संदीप सिंह पहले भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट आदि के तहत चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि गिरफ्तार आरोपियों के कथित तौर पर विदेश में बैठे तस्करों से संबंध थे। आरोपी अवैध हथियार और नशीले पदार्थ मंगवाकर राज्य में आगे सप्लाई कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मामले की आगे जांच जारी है, ताकि नेटवर्क के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक का पता लगाने के साथ इसमें शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
कार्रवाई का विवरण साझा करते हुए बॉर्डर रेंज के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (आईजीपी) गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि पुख्ता सूचना के आधार पर थाना घरिंडा की पुलिस टीमों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए लक्षित अभियान चलाया और तीनों आरोपियों को नशीले पदार्थों तथा असॉल्ट हथियारों की खेप सहित गिरफ्तार कर लिया। आईजीपी गुरप्रीत भुल्लर ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान आरोपियों के काम करने के एक विशेष तरीके का खुलासा हुआ है। आरोपियों ने भारत-पाकिस्तान सीमा की कंटीली तार से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित गांव मोधे में करीब एक एकड़ जमीन पर अमरूद का बाग ठेके पर लिया हुआ था। आरोपियों द्वारा कथित तौर पर इस बाग का इस्तेमाल सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई जाने वाली नशीले पदार्थों और हथियारों की खेप हासिल करने के लिए किया जा रहा था।
सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) अमृतसर ग्रामीण कंवलप्रीत सिंह चहल ने बताया कि आरोपी संदीप और उसकी पत्नी कमलजीत कौर संयुक्त रूप से सीमा पार से तस्करी के इस नेटवर्क को संभाल रहे थे, जबकि कमलजीत कौर का भाई बिक्रमजीत सिंह खेपों को उठाने, ले जाने और आगे पहुंचाने में मदद करता था। इस संबंध में थाना घरिंडा, अमृतसर ग्रामीण में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 23 और 29 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 420, दिनांक 25 सितंबर 2026 दर्ज की गई है।




