झाकड़ी, 25 मई 2026
एसजेवीएन के 39वें स्थापना दिवस के अवसर पर नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह की शुरुआत एसजेवीएन ध्वज फहराने और निगम गीत के सामूहिक गायन से हुई।
कार्यक्रम के दौरान “पीपल चॉइस एसजेवीएन स्टार अवार्ड” के तहत उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। परियोजना प्रमुख एनजेएचपीएस श्री राजीव कपूर ने अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक की ओर से 8 कार्यपालक एवं गैर-कार्यपालक कर्मचारियों को सम्मान प्रदान किए। साथ ही हेल्थ चैंपियन विजेता को भी सम्मानित कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
अपने संबोधन में श्री राजीव कपूर ने कहा कि एसजेवीएन ने पिछले 39 वर्षों में ऊर्जा क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि निगम की सफलता के पीछे कर्मचारियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना की अहम भूमिका रही है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को भविष्य में भी समर्पण और नवाचार के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि एसजेवीएन केवल बिजली उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण और सामाजिक विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां पूरे संगठन के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
शाम को आयोजित सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध हिमाचली लोकगायक “नाटी किंग कुलदीप शर्मा” और उनकी टीम ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। पारंपरिक हिमाचली नाटी और लोकगीतों पर उपस्थित लोगों ने जमकर आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्सव और सांस्कृतिक गौरव का वातावरण बना रहा।




