डीसीपी ने खुद मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशनों की निगरानी की; पुलिस कमिश्नर ने अन्नगढ़ में लोगों से सीधा संवाद कर लिया फीडबैक


अमृतसर, ( कुमार सोनी )
ड्रग हॉटस्पॉट और संवेदनशील इलाकों में विशेष कासो ऑपरेशन
पंजाब सरकार द्वारा चलाई जा रही मुहिम ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के तहत पुलिस कमिश्नर अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल के निर्देशों पर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा शहर के विभिन्न ड्रग हॉटस्पॉट और संवेदनशील इलाकों में बड़े स्तर पर विशेष कासो (कॉर्डन एंड सर्च ऑपरेशन) चलाया गया।
इस ऑपरेशन के दौरान कमिश्नरेट पुलिस के सभी 05 डीसीपी स्वयं विभिन्न हॉटस्पॉट इलाकों में पहुंचे और सर्च ऑपरेशनों तथा चेकिंग की निगरानी की। इस मुहिम में 08 एडीसीपी, 10 एसीपी, एसएचओ, पुलिस चौकी इंचार्ज, विभिन्न यूनिटों और 430 पुलिस कर्मचारियों की भारी फोर्स ने हिस्सा लिया। इसका मुख्य उद्देश्य नशा तस्करी और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों को रोकने के साथ-साथ हॉटस्पॉट इलाकों में सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना है। हॉटस्पॉट इलाकों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष प्रयास
ऑपरेशन के दौरान पुलिस द्वारा नशीले पदार्थों के सेवन वाले संभावित स्थानों की पहचान कर उनमें सुधार लाने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए। जिन इलाकों में सीसीटीवी कैमरों की कमी है या निगरानी व्यवस्था उपलब्ध नहीं है, उनकी पहचान कर वहां कैमरे लगवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
इसके अलावा, कम रोशनी वाली गलियों और सड़कों की पहचान कर नई स्ट्रीट लाइटें लगवाने तथा खराब लाइटों की मरम्मत करवाने के लिए भी योजना तैयार की गई है, ताकि रात के समय सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा सके। नशा तस्करी से जुड़े व्यक्तियों द्वारा गैर-कानूनी तरीके से बनाई गई या हासिल की गई संपत्तियों की भी पहचान की जा रही है। ऐसी संपत्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार संबंधित विभागों के साथ तालमेल कर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
युवाओं को खेलों से जोड़ने और बुनियादी सुविधाओं में सुधार पर भी जोर
इस मुहिम का उद्देश्य केवल नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि हॉटस्पॉट इलाकों के निवासियों को बेहतर माहौल और बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी है।
इसके तहत इलाकों में खाली पड़ी जगहों की साफ-सफाई करवाकर उन्हें खेल गतिविधियों के लिए इस्तेमाल में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए वॉलीबॉल आदि खेलों का सामान उपलब्ध करवाने और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
इसके साथ ही गलियों-नालियों, स्ट्रीट लाइटों और अन्य बुनियादी सुविधाओं से संबंधित समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए नगर निगम तथा अन्य सिविल विभागों के अधिकारियों के साथ तालमेल किया जा रहा है। पुलिस कमिश्नर ने विभिन्न ड्रग हॉटस्पॉट इलाकों में पहुंचकर लोगों से किया सीधा संवाद
इस विशेष मुहिम के तहत पुलिस कमिश्नर अमृतसर हरमनबीर सिंह गिल स्वयं ड्रग हॉटस्पॉट इलाकों में पहुंचे और स्थानीय निवासियों के साथ विशेष बैठक कर उनकी समस्याएं, सुझाव तथा पुलिस की कार्यप्रणाली के बारे में फीडबैक लिया।
इस मौके पर इलाका निवासियों ने बताया कि पुलिस द्वारा लगातार की जा रही कार्रवाई के परिणामस्वरूप उनके इलाके में नशे की समस्या में लगभग 95 प्रतिशत तक कमी आई है। पुलिस कमिश्नर ने लोगों के इस फीडबैक को सुनते हुए नशों के पूरी तरह खात्मे के लिए लोगों से पुलिस का सहयोग जारी रखने की अपील की।
नशे की लत का शिकार युवाओं को मुफ्त इलाज उपलब्ध करवाने में पुलिस करेगी सहयोग । पुलिस कमिश्नर ने इलाका निवासियों से अपील की कि यदि उनके ध्यान में कोई ऐसा युवा है जो नशे की लत का शिकार है, तो उसे नशा मुक्ति उपचार के लिए पुलिस के ध्यान में लाया जाए। इस संबंध में वे अपने स्थानीय एसएचओ, पुलिस चौकी इंचार्ज, एसीपी या एडीसीपी से संपर्क कर सकते हैं।