झाकड़ी, 3 अक्तूबर 2025 – नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (NJHPS) परिसर इस बार नवरात्रि महोत्सव और दशहरा के उल्लास से गूंज उठा। एनजेएचपीएस सांस्कृतिक समिति ने माँ भगवती की प्रतिमा स्थापना के साथ महोत्सव की शुरुआत की। नौ दिनों तक आयोजित दुर्गा पूजा, शांति-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों में कर्मियों और स्थानीय श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और माँ दुर्गा से जीवन एवं निगम की उन्नति की मंगलकामनाएँ कीं।
30 सितंबर को आयोजित भजन संध्या ने सभी को भक्ति रस में डुबो दिया। 1 अक्तूबर को डांडिया नाइट का आयोजन हुआ, जिसमें कर्मियों और उनके परिवारों ने परंपरागत संगीत पर डांडिया की ताल में भाग लेकर आयोजन को और भी रंगीन बना दिया।
2 अक्तूबर को माँ भगवती की प्रतिमा का विसर्जन संपन्न हुआ। इसके बाद रामलीला का मंचन हुआ जिसमें भगवान श्रीराम और रावण के बीच हुए युद्ध का अद्भुत दृश्य प्रस्तुत किया गया। रावण ने अपनी सामर्थ्य और मायावी शक्तियों का प्रदर्शन करते हुए युद्ध को रोमांचक बना दिया, लेकिन अंततः भगवान श्रीराम की विजय हुई और रावण का वध कर यह संदेश दिया गया कि बुराई चाहे कितनी भी शक्तिशाली क्यों न हो, अच्छाई की जीत निश्चित होती है। इसके पश्चात रावण दहन हुआ, जिसमें उपस्थित जनसमूह ने विजयादशमी के वास्तविक महत्व को साक्षात् अनुभव किया।
मुख्य अतिथि के रूप में परियोजना प्रमुख श्री राजीव कपूर ने आयोजन में हिस्सा लिया और माँ भगवती तथा भगवान श्रीराम को नमन कर निगम और समाज की प्रगति की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि रामायण केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं बल्कि जीवन का आदर्श है, जिसके मूल्यों को हमें अपने जीवन में अपनाना चाहिए। उन्होंने रामलीला कलाकारों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी अदाकारी और संवाद अद्वितीय रहे, जिसने दर्शकों को उस युग में ले जाकर खड़ा कर दिया।
यह नवरात्रि और दशहरा महोत्सव न केवल आस्था का प्रतीक बना बल्कि सामूहिक सांस्कृतिक चेतना का भी उत्सव साबित हुआ। एनजेएचपीएस परिसर इस दौरान धार्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक ध्वनि से सराबोर रहा और इस आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि परंपराएँ समाज को जोड़ने की सबसे बड़ी कड़ी होती हैं।