शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने पंजाब सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तुत किए गए बजट की कड़ी आलोचना करते हुए इसे झूठ का पुलिंदा करार दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर भी महिलाओं की उम्मीदों को ठेस पहुंचाई है।
सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि यह आम आदमी पार्टी सरकार का अंतिम बजट है और इसमें राज्य के विभिन्न वर्गों के साथ वादाखिलाफी की गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों, युवाओं, गरीबों, व्यापारियों, उद्योगपतियों और सरकारी कर्मचारियों के साथ-साथ महिलाओं को भी इस बजट में निराशा ही हाथ लगी है।
अकाली दल के अध्यक्ष ने कहा कि बजट से यह स्पष्ट हो गया है कि सरकार महिलाओं को हर महीने एक-एक हजार रुपये देने के अपने वादे को पूरा करने के मूड में नहीं है। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अब तक महिलाओं को मिलने वाले लगभग 48 हजार रुपये के बकाए का भी कोई प्रावधान नहीं किया गया है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने इस योजना के दायरे को सीमित करते हुए कई वर्गों की महिलाओं को इससे बाहर कर दिया है। इसी वजह से बजट में इस योजना के लिए केवल 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान रखा गया है, जबकि यदि सरकार अपने वादे के अनुसार सभी पात्र महिलाओं को राशि देती तो इसके लिए 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक की आवश्यकता होती।
सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि यह बजट राज्य के लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने में पूरी तरह असफल रहा है और इससे यह साफ हो गया है कि आम आदमी पार्टी सरकार अपने चुनावी वादों को पूरा करने में नाकाम रही है।




