इज ऑफ डुइंग बिजनेस का पावर हब बन रहा पंजाब
अमृतसर,राहुल सोनी
भारत के पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा आयोजित किए जा रहे 19वें पाईटैक्स का औपचारिक उदघाटन शुक्रवार की शाम गुरु की नगरी अमृतसर में किया।
इस अवसर पर अपने संबोधन में पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि देश के राष्ष्ट्रगान में भी पंजाब सबसे पहले आता है। ब्रेड बास्केट ऑफ इंडिया के रूप में प्रसिद्ध रहा पंजाब आज बदल रहा है। यहां कृषि विभिन्नता नया रूप ले रही है। पंजाब आज एमएसएमई, तकनौलजी तथा इज ऑफ डुइंग बिजनेस के क्षेत्र में पावर हब बनता जा रहा है। इसका श्रेय पंजाब के मेहनत कश लोगों को जाता है। रामनाथ कोविंद ने कहा कि पंजाब हिम्मत, त्याग और उद्यम की जीती-जागती मिसाल है। श्री हरमंदिर साहिब की आध्यात्मिक रोशनी दुनिया भर में शांति और इंसानियत को प्रेरणा देती है। पंजाब की विरासत गहरी और प्रेरणा देने वाली है।
पूर्व राष्ट्रपति ने पीएचडीसीसीआई प्रबंधकों को 19वें पाईटैक्स के लिए बधाई देते हुए कहा कि वह इसका विस्तार पंजाब से बाहर करें। पाईटैक्स के नाम से इस तरह का आयोजन देश की राजधानी दिल्ली में भी किया जाए तो इसका अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसार होगा।
पंजाब पारंपरिक रूप से हमारे देश का अन्न भंडार रहा है, जिसने लाखों लोगों के लिए खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित की है। खेती के अलावा, पंजाब व्यापार, मैन्युफैक्चरिंग, एमएसएमई ग्रोथ और ग्लोबल एंटरप्रेन्योरशिप के केंद्र के रूप में भी उभरा है।
इसके लोगों का मेहनती स्वभाव, उनका ग्लोबल नज़रिया और बदलते आर्थिक माहौल के साथ तालमेल बिठाने की उनकी क्षमता पंजाब को बिजऩेस और इनोवेशन के लिए एक स्वाभाविक केंद्र बनाती है।
उन्होंने कहा कि पाईटैक्स ऐतिहासिक प्लेटफ़ॉर्म के रूप में विकसित हुआ है जो घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय उद्यमों को एक साथ लाता है, सीमा पार साझेदारी को बढ़ावा देता है और आर्थिक संबंधों को मज़बूत करता है। यह एक्सपो सिर्फ़ एक बिजऩेस प्रदर्शनी नहीं है।
उन्होंने कहा कि पाईटैक्स का यह 19वां एडिशन ऐसे समय में हो रहा है जब भारत को दुनिया की सबसे तेज़ी से बढ़ती बड़ी इकॉनमी में से एक माना जा रहा है। डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, इकॉनमिक रिफॉर्म और ईज़ ऑफ़ डूइंग बिजऩेस पर ज़ोर देकर, हमारा देश तेज़ी से एक ग्लोबल इकॉनमिक पावरहाउस बनने की ओर बढ़ रहा है।
पूर्व राष्ट्रपति ने कहा कि उन्हें एक्सपो में एमएसएमई,स्टार्ट-अप्स, महिला एंटरप्रेन्योर्स और कारीगरों की मज़बूत भागीदारी देखकर खास तौर पर खुशी हो रही है। वे हमारे इकॉनमिक डेवलपमेंट की इनक्लूसिव और डेमोक्रेटिक भावना को दिखाते हैं।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का पाईटैक्स पहुंचने पर पीएचडीसीसीआई पंजाब के चेयर कर्ण गिल्होत्रा ने स्वागत करते हुए कहा कि पाईटैक्स में कई देश व राज्य भाग ले रहे हैं और इसका मुख्य उद्देश्य राज्यों तथा पड़ोसी देशों के बीच कारोबार को बढ़ावा देना है। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल चीमा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान की तरफ से पूर्व राष्ट्रपति का पंजाब आने पर स्वागत करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए पंूजी निवेश हेतु विदेश दौरे पर हैं। पंजाब में वर्ष 2022 से लेकर अब तक एक लाख करोड़ का निवेश हुआ है।
पीएचडीसीसीआई के सेक्टरी जनरल नवीन सेठ ने चैंबर के बारे में विस्तृत रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि वर्तमान मेें चैंबर के साथ एक लाख 50 हजार उद्यमी जुड़े हुए हैं, जिनमें करीब 75 फीसदी एमएसएमई क्षेत्र के हैं।
इस अवसर पर पूर्व राष्ट्रपति ने चैंबर के पूर्व अध्यक्ष अशोक खन्ना, आशीष बरगोडिय़ा, टेक्स एंड टैक फोरम की रीजनल चेयर हिमानी अरोड़ा को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया। इस अवसर पर पीएचडीसीसीआई की सीनियर रीजनल डायरेक्टर भारती सूद, क्षेत्रीय संयोजक जयदीप सिंह समेत कई गणमान्य मौजूद थे।





