भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने श्री दरबार साहिब,श्री दुर्गियाना मंदिर में मत्था टेककर शुरू किया पहला पंजाब दौरा।


कुमार सोनी
अमृतसर,भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अपने तीन दिवसीय  पंजाब दौरे की शुरुआत सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब,श्री दुर्गियाना मंदिर में मत्था टेककर की। श्री दरबार साहिब में नतमस्तक होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘महाराजा रणजीत सिंह ने जिस तरह पंजाब को एक विशिष्ट सुशासन की पहचान दी थी, वैसे ही हम सभी चाहते हैं कि उनके सपनों का पंजाब बनाएं।’नितिन नबीन ने कहा कि मुझे श्री हरिमंदर साहिब में माथा टेकने और पंजाब के लोगों की सुख-शांति तथा प्रगति के लिए प्रार्थना करने का सौभाग्य मिला है। मैं गुरु गोविंद सिंह जी के जन्म स्थान पटना साहिब से आया हूँ, वह मेरी कर्मभूमि है मैंने समूह देश के लोगों की अमन-शांति व प्रगति के लिए अरदास की है।
उन्होंने कहा कि श्री हरिमंदिर साहिब के इतिहास ने पंजाब को पूरी दुनिया में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है। मैंने उसी पंजाब के लिए प्रार्थना की है कि जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है, वैसे ही हमारा पंजाब भी विकास के मानकों पर आगे बढ़े और प्रगति की किरणें पंजाब के हर घर, मोहल्ले और हर गाँव तक पहुँचें। उन्होंने कहा कि मैं खुद को भाग्यशाली समझता हूँ कि मुझे इस पवित्र धरती और इस पवित्र स्थान पर आने का मौका मिला। आज यहाँ प्रार्थना करके मेरे भीतर एक नई ऊर्जा आई है, जिस ऊर्जा के साथ मैंने पूरे देश और पूरे पंजाब की सेवा और विकास का संकल्प लिया है। इस अवसर पर उनके साथ केंद्रीय रेल राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिटू, पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और राज्यसभा सदस्य तरुण चुघ, पार्टी के पंजाब मामलों के सह-प्रभारी नरेंद्र रैना, संसदीय बोर्ड के सदस्य इकबाल सिंह लालपुरा, पूर्व अध्यक्ष श्वेत मलिक, राज्यसभा सांसद विक्रम साहनी, जिला अध्यक्ष हरविंदर संधू,गौरव भाटिया, डॉ  राम चावला सहित कई अन्य वरिष्ठ पार्टी नेता उपस्थित थे। श्री
दरबार साहिब में माथा टेकने के बाद उन्होंने ऐतिहासिक जलियाँवाला बाग का भी दौरा किया और बैसाखी-1919 के नरसंहार के शहीदों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद वह श्री दुर्गियाना मंदिर में नतमस्तक होकर देश की एकता और सामाजिक सौहार्द के लिए प्रार्थना की। श्री दुर्गियाना मंदिर कमेटी की अध्यक्ष प्रोफेसर लक्ष्मीकांता ने  नितिन नबीन को सिरोपा डालकर व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर डॉ राकेश शर्मा,महासचिव अरुण खन्ना,राजेश बांटू इत्यादि उपस्थित थे। बाद में वह श्री राम तीर्थ स्थल गए और उन्होंने भगवान वाल्मीकि जी के आगे माथा टेका और भारत की महान आध्यात्मिक परंपरा में उनके योगदान को याद किया। अमृतसर में राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पंजाब भाजपा की कोर कमेटी के साथ एक विशेष महत्वपूर्ण बैठक भी की।