सांसद औजला ने उप कुलपति से की मुलाकात, सीटों में 20 प्रतिशत और बढ़ौतरी का प्रस्ताव

अमृतसर, राहुल सोनी : गुरु नानक देव विश्वविद्यालय अमृतसर में छात्रों की बढ़ती मांग को देखते हुए सांसद गुरजीत औजला ने विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.डा.करमजीत सिंह से मुलाकात की। बैठक में शैक्षणिक क्षमता बढ़ाने और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर चर्चा हुई। इस दौरान उनकी मांग पर पहले से बढ़ाई गई सीटों के लिए भी धन्यवाद किया गया।
उप कुलपति से हुई बातचीत में सभी पाठ्यक्रमों में न्यूनतम 20 प्रतिशत अधिक सीटें बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही योग्य प्रोफेसरों और शिक्षण कर्मचारियों की भर्ती, परिसर के बुनियादी ढांचे और कक्षाओं के उन्नयन पर भी सहमति बनी। विश्वविद्यालय को पंजाबी विश्वविद्यालय, पटियाला के समान विकसित करने की योजना पर भी विचार किया गया। सांसद औजला ने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर एमपी लैड फंड से भी सहायता दी जा सकती है। उन्होंने सीमावर्ती और ग्रामीण क्षेत्रों के छात्रों के लिए हाल ही में की गई 5-5 प्रतिशत सीट वृद्धि का स्वागत किया। साथ ही पंजाब सरकार से अमृतसर और जीएनडीयू के विकास में पूर्ण सहयोग की मांग की। सांसद गुरजीत सिंह औजला ने प्रो.करमजीत सिंह से मुलाकात के बाद जानकारी देते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी गुरु नानक देव विश्विद्यालय में सीटें बढ़ाने के लिए मांग की थी जिसके तहत कुछ सीटों में बढ़ौतरी की गई है लेकिन अब रुझान देखते हुए वह हर पाठ्यक्रम में 20 प्रतिशत और सीटों की बढ़ौतरी की मांग करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान में अधिक से अधिक छात्र भारत में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं। विदेशों में जाने का ट्रेंड कम होता जा रहा है ऐसे में विश्वविद्यालय में विश्वस्तरीय सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि अगर छात्र बढ़ेंगे तो उसके लिए बेहतरीन इनफ्रास्टक्चर मुहैया करवाना उनका फर्ज है। जिसके लिए वीसी से मुलाकात की गई। उन्होंने कहा कि फिलहाल श्री गुरु नानक देव विश्विद्यालय में जिस तरह से रुझान बढ़ रहा है वैसे ही आने वाले समय में बिल्डिंग , होस्टल आदि की जरुरत पड़ेगी। इसके लिए केंद्र की तरफ से क्या मदद की जा सकती है उसके बारे में डिसकस किया गया है। उन्होंने कहा कि अभी यहां पर हाकी का ट्रैक एस्ट्रोटर्फ लगने वाला है, एक मल्टीकंपलेक्स की जरुरत है वहीं और भी कई मुद्दे हैं जिसके लिए पार्लियामेंट में भी बात की जाएगी और राज्य सरकार से भी बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह एरिया बार्डर का है और श्री गुरु नानक देव युनिवर्सिटी का बहुत नाम है और यह शान है इसीलिए वह चाहते हैं कि जैसे पहले होता रहा है वैसे ही आने वाले समय में भी युनिवर्सिटी की सेवाएं बेहरतीन रहें और हर घर – घऱ और पढ़ने और पढ़ रहे लोगों को मिलती रहें। इसके लिए उनकी हमेशा कोशिश रही है और आगे भी जारी रहेगी। आने वाले समय समय पर वह विश्विद्यालय के संबंधित और भी मुद्दों पर बात करते रहेंगे।