कुमार सोनी
अमृतसर/अजनाला, 14 नवंबर
पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री व अजनाला विधानसभा क्षेत्र से विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल की आम आदमी पार्टी और मान सरकार के प्रति वफादारी, निष्ठा और पूर्णकालिक समर्पण की सेवाओं व ज़िम्मेदारियों को सम्मान देते हुए, पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की मंज़ूरी से, पंजाब मामलों के प्रभारी मनीष सिसोदिया तथा पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और पंजाब के कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने आज संयुक्त रूप से श्री धालीवाल को पार्टी में बड़ी ज़िम्मेदारी सौंपते हुए उन्हें पंजाब का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त करने की आधिकारिक घोषणा की। यह घोषणा आज पंजाब मामलों के प्रभारी श्री सिसोदिया और प्रदेश अध्यक्ष श्री अरोड़ा के हस्ताक्षरित पत्र के माध्यम से की गई। नई ज़िम्मेदारी मिलने पर श्री धालीवाल ने राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल, मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, श्री सिसोदिया व अमन अरोड़ा का धन्यवाद करते हुए कहा कि वे पार्टी के वफादार स्वयंसेवक हैं और पार्टी ने उनकी निष्ठा तथा मेहनत को सम्मानित करते हुए उन्हें पहले टिकट देकर विधायक चुना, फिर कैबिनेट मंत्री बनाया और वर्ष 2024 की लोकसभा चुनाव में अमृतसर लोकसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार बनाया। अब पार्टी हाईकमान ने उनकी राजनीतिक दूरदर्शिता और क्षमता को देखते हुए उन्हें मुख्य प्रवक्ता पंजाब नियुक्त कर पुनः सम्मान दिया है। श्री धालीवाल ने कहा कि वह पार्टी द्वारा सौंपी गई नई ज़िम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निभाएँगे। उन्होंने कहा कि पंजाब में झूठ के सहारे राजनीति कर रही विपक्षी पार्टियों द्वारा मान सरकार और पार्टी के खिलाफ चलाए जा रहे भ्रमक और भ्रामक प्रचार की परतें मीडिया मंच से उधेड़ेंगे और सरकार व पार्टी की बहुआयामी उपलब्धियों—विकास, रोज़गार, सांप्रदायिक सद्भाव, अमन-शांति की मजबूती आदि—को तार्किक ढंग से जनता के सामने रखकर लोगों के विश्वास और समर्थन को और मजबूत करने में कोई कमी नहीं छोड़ेंगे।





