अमृतसर,राहुल सोनी
गुरबख्श नगर में स्थित एकता पार्क में आज निर्मल सेवा सोसायटी द्वारा जरूरतमंद परिवारों के 18 जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह श्रद्धा, सादगी व सामाजिक समरसता के साथ संपन्न हुआ।
इस अवसर पर अमृतसर के सांसद गुरजीत सिंह औजला के बेटे बाबर औजला विशेष रूप से पहुंचे और नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। बाबर औजला ने सोसायटी द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन समाज में समानता और सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं। सोसायटी के प्रधान गुरभजन सिंह भोला ने बताया कि वर्ष 1987 से अब तक 2025 तक कुल 2135 बेटियों के विवाह कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि वह स्वयं को इन सभी बेटियों का पिता मानते हैं और यह सब शहरवासियों व समाजसेवियों के सहयोग से संभव हो पाया है।
उन्होंने जानकारी दी कि छोटे साहिबजादों के शहीदी दिवस के कारण यह कार्यक्रम 25 दिसंबर के बजाय जनवरी माह में आयोजित किया गया। समारोह की खुशी में सोसायटी की ओर से क्षेत्र में मिठाइयां भी वितरित की गईं। समारोह में बड़ी संख्या में मोहल्ला निवासियों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने भाग लेकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। प्रधान गुरभजन सिंह भोला ने सभी सहयोगियों और दानदाताओं का दिल से आभार जताया और आगे भी इसी तरह सहयोग की अपील की।




