स्वास्थ्य विभाग द्वारा नगर निगम के सहयोग से “हर शुक्रवार डेंगू पर वार” अभियान की शुरुआत

राहुल सोनी
अमृतसर — पंजाब सरकार के निर्देशों अनुसार सिविल सर्जन डॉ. सतिंदरजीत सिंह बजाज के दिशा-निर्देशों तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा नगर निगम के सहयोग से हर शुक्रवार डेंगू पर वार अभियान के अंतर्गत एंटी लार्वा गतिविधियों, फॉगिंग, स्प्रे और जागरूकता अभियान की शुरुआत कंपनी बाग स्थित सर्विस क्लब से की गई। इस अवसर पर सहायक सिविल सर्जन डॉ. रजिंदरपाल कौर ने कहा कि बरसात के मौसम में कई स्थानों पर पानी जमा होना स्वाभाविक है, लेकिन जहां पानी जमा होगा वहां मच्छरों की उत्पत्ति भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि मच्छरों की पैदावार को रोकना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है तथा लोगों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे “हर शुक्रवार डेंगू पर वार” अभियान में अपना सहयोग देना चाहिए।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि प्रत्येक शुक्रवार अपने घरों में कूलरों, फ्रिज की ट्रे, गमलों, पानी की टंकियों तथा छतों पर पड़े कबाड़ आदि में पानी जमा न होने दें। उन्होंने कहा कि डेंगू से बचाव के लिए सबसे जरूरी है मच्छरों की पैदावार को रोकना। इसके साथ ही लोगों को पूरी बांहों वाले कपड़े पहनने तथा मच्छर भगाने वाली क्रीम आदि का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई। जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट डॉ. हरजोत कौर ने बताया कि डेंगू एक वायरल बुखार है, जो एडीज एजिप्टी नामक मच्छर के काटने से फैलता है। उन्होंने बताया कि इसके मुख्य लक्षण तेज बुखार, सिर दर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, आंखों के पीछे दर्द, उल्टियां तथा नाक या मसूड़ों से खून आना आदि हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत सरकारी अस्पताल में मुफ्त जांच और इलाज करवाएं। इससे पहले जिला एम.ई.आई.ओ. अमरदीप सिंह द्वारा आशा वर्करों, नर्सिंग स्टूडेंट्स तथा पैरामेडिकल स्टाफ को डेंगू रोकथाम संबंधी विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इस मौके पर सहायक मलेरिया अधिकारी गुरदेव सिंह, बलजीत सिंह, एस.आई. सुखदेव सिंह, हरविंदर सिंह, हरकमल सिंह, आई.सी. हरमीत सिंह, बिक्रमजीत सिंह, रणजोध सिंह, संजीव कुमार, कुलदीप सिंह, नगर निगम से सी.एस.ओ. मलकीत सिंह, एस.आई. शाम सिंह, सुपरवाइजर प्रदीप कुमार, नर्सिंग स्टूडेंट्स तथा आशा वर्कर उपस्थित थी।