लॉरेंस रोड से कंपनी बाग तक गूंजा आत्मनिर्भर भारत का संदेश
अमृतसर,कुमार सोनी
भाजपा नेता अक्षय शर्मा की अगुवाई में स्वदेशी अपनाने और आत्मनिर्भर भारत के विचार को जन–जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज ऐतिहासिक ‘रन फॉर स्वदेशी’ का आयोजन किया गया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता तरनजीत सिंह संधू विशेष तौर पर पहुंच कर समारोह में साथ दिया। लॉरेंस रोड स्थित डी-मार्ट से आरंभ हुई यह दौड़ कंपनी बाग तक पहुंची, जिसमें शहर के युवाओं, विद्यार्थियों, कारीगरों, महिलाओं, व्यापारियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने पूरे जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। पूरा मार्ग देशभक्ति और स्वदेशी के नारों से गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अक्षय शर्मा ने कहा कि भारत की असली ताकत उसके हाथों का हुनर है। छोटे कारीगर, हस्तशिल्पी, बुनकर और लघु उद्यमी ही आत्मनिर्भर भारत की नींव हैं। उन्होंने कहा कि जब तक हम अपने देश में बनी वस्तुओं को गर्व से नहीं अपनाएंगे, तब तक आर्थिक आज़ादी का सपना अधूरा रहेगा। स्वदेशी केवल एक विचार नहीं, बल्कि देश की समृद्धि का मूल मंत्र है।
अक्षय शर्मा ने कहा कि विदेशी उत्पादों के अंधाधुंध उपयोग से स्थानीय उद्योग कमजोर होते हैं, जबकि स्वदेशी अपनाने से रोज़गार के अवसर बढ़ते हैं और नई पीढ़ी को अपने हुनर पर भरोसा मिलता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे “मेड इन इंडिया” उत्पादों को अपनी पहली पसंद बनाएं और डिजिटल माध्यमों से भी स्वदेशी अभियान को आगे बढ़ाएं।
दौड़ के दौरान “स्वदेशी अपनाओ – देश बचाओ”, “आत्मनिर्भर भारत – सशक्त भारत” और “लोकल पर वोकल” जैसे नारों ने पूरे वातावरण में नई ऊर्जा भर दी। जगह–जगह लोगों ने पुष्पवर्षा कर धावकों का स्वागत किया। कई कारीगर अपने हाथों से बने उत्पाद लेकर पहुंचे, जिनकी प्रदर्शनी भी लगाई गई, ताकि आम लोग स्वदेशी वस्तुओं की गुणवत्ता को करीब से देख सकें।
अक्षय शर्मा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल एक दिन की दौड़ कराना नहीं, बल्कि स्वदेशी को सामाजिक आंदोलन बनाना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में स्कूलों, कॉलेजों, बाजारों और गांवों में भी जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे, ताकि हर घर तक यह संदेश पहुंचे कि स्वदेशी अपनाना ही सच्ची राष्ट्रसेवा है।
कार्यक्रम में शामिल कारीगरों और छोटे उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से उन्हें नई पहचान और हौसला मिलता है। स्थानीय व्यापारियों ने भी संकल्प लिया कि वे अपने प्रतिष्ठानों में स्वदेशी उत्पादों को अधिक से अधिक बढ़ावा देंगे।
इस अवसर पर पूर्व पार्षद पप्पू महाजन, विक्रांत शोरी, सहजप्रीत सहित अन्य उपस्थित थे।




