राहुल गांधी की भाषा कांग्रेस की हताश राजनीति को दर्शाती है: रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू

आम बजट किसान, युवा और हर वर्ग के समग्र विकास का रोडमैप

अमृतसर, 7 फरवरी (कुमार सोनी):
केंद्रीय रेल राज्य मंत्री श्री रवनीत सिंह बिट्टू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की हालिया टिप्पणी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि अभद्र भाषा का प्रयोग उनकी संकीर्ण सोच और राजनीतिक हताशा को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कुछ नेता अपने राष्ट्रीय नेतृत्व को खुश करने और अपनी खोती राजनीतिक जमीन बचाने के लिए मर्यादा से परे बयानबाजी कर रहे हैं, जो लोकतांत्रिक विमर्श की गरिमा को ठेस पहुंचाती है।

श्री रवनीत सिंह बिट्टू शनिवार को अमृतसर के भाजपा जिला कार्यालय शहीद हरबंस लाल खन्ना स्मारक में जिला भाजपा अध्यक्ष श्री हरविंदर सिंह संधू की अध्यक्षता में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। अमृतसर के एक दिवसीय दौरे पर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने उद्योगपतियों, व्यापारियों और पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संसद में पेश किए गए आम बजट पर विस्तृत चर्चा की और उनसे जुड़े मुद्दों एवं सुझावों को गंभीरता से सुना। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने उन्हें तलवार और दोशाला भेंट कर सम्मानित किया।

रवनीत सिंह बिट्टू ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत आम बजट किसानों की आय बढ़ाने, कृषि में विविधीकरण को प्रोत्साहन देने और छोटे व सीमांत किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि जमीनी स्तर पर बदलाव लाने वाला दस्तावेज है। कृषि क्षेत्र के साथ-साथ युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार सृजन और स्टार्टअप व लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे पंजाब और विशेष रूप से अमृतसर के व्यापार और उद्योग को सीधा लाभ मिलेगा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि छोटे उद्योगों और व्यापारियों को मजबूती देने के लिए आसान ऋण व्यवस्था, वित्तीय रियायतें और नीतिगत सहयोग सुनिश्चित किया गया है। इसके साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों के सशक्तिकरण, गरीब एवं कमजोर वर्ग के उत्थान तथा दिव्यांगजनों के कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में संस्थानों के उन्नयन और नई योजनाओं के माध्यम से देश के सर्वांगीण विकास को गति देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह बजट अन्नदाता किसान से लेकर युवा शक्ति तक समाज के हर वर्ग की आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को मजबूत आधार प्रदान करता है।

रेल परियोजनाओं की जानकारी साझा करते हुए श्री बिट्टू ने बताया कि तरनतारन–पट्टी–फिरोजपुर रेल लिंक परियोजना के लिए आवश्यक धनराशि जारी की जा चुकी है और भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। इसके साथ ही नदी पर पुल निर्माण कार्य भी जल्द प्रारंभ होगा तथा प्रभावित किसानों को मुआवजा देने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है।

इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष हरविंदर सिंह संधू ने अमृतसर के रिगो ब्रिज निर्माण कार्य में हो रही देरी का मुद्दा उठाया। इस पर रेल राज्य मंत्री ने रेलवे अधिकारियों से तत्काल बातचीत कर अक्टूबर 2026 तक हर हाल में परियोजना को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अमृतसर रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण के लिए लगभग 500 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शीघ्र स्वीकृत होने जा रहा है, जिससे यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं मिल सकेंगी।

बैठक में उद्योगपति प्यारा लाल सेठ ने मक्खु रेल लिंक परियोजना को पूरा करने के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। वहीं सुरिंदर दुग्गल, अनिल मेहरा, अजय मेहरा सहित अन्य व्यापारियों ने शहर से जुड़ी विभिन्न समस्याएं केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखीं, जिनके शीघ्र समाधान का उन्होंने आश्वासन दिया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद श्वेत मलिक, डॉ. राम चावला सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, पार्षद और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।